पुलिस बोली: अवैध रूप से पटाखा व्यवसाय करता था आरोपी
सीतापुर। चुनाव माहौल में एक बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस ने रविवार की रात एक शातिर को दबोच कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। माना जा रहा है कि आरोपी देशी बम जैसे विस्फोटक बनाने व बनाने वालों को बारूद सप्लाई करने की तैयारी में था। हालांकि पुलिस उसे अवैध पटाखा व्यवसायी बता रही है।
सूत्र बताते हैं कि सकरन पुलिस ने रविवार की रात प्राथमिक विद्यालय के पास एक युवक को भारी मात्रा में बारूद आदि विस्फोटक सामग्री के साथ दबोचा है। युवक की पहचान बिसवां इलाके के सांडा निवासी इमरान उर्फ राजू के रूप में की गई है। विस्फोटक सामग्री की मात्रा करीब एक बोरा बताई जा रही है।
सूत्र बताते हैं कि यह विस्फोटक बाहर से लाया गया था और इसका इस्तेमाल देशी बम जैसे खतरनाक विस्फोटक बनाने में इस्तेमाल करने की तैयारी थी। चुनावी दौर में बरामद इस विस्फोटक के कई मायने निकाले जा रहे हैं। लोग इसे चुनाव में गड़बड़ी फैलाने की तैयारियों के रूप में भी देख रहे हैं।
यह विस्फोटक कहां से लाया गया था। पुलिस अब तक इसका पता नहीं लगा सकी है। पुलिस इसे दूसरे रूप में ले रही है। सकरन इंस्पेक्टर राजकुमार का कहना है कि यह विस्फोटक कस्बे में स्कूल के पास एक खोखा दुकान से बरामद किया गया है।
पकड़े गए युवक के पिता के नाम पटाखा बनाने का लाइसेंस था। लाइसेंस की वैधता खत्म हो गई थी। इसके बाद भी युवक अवैध रूप से पटाखा बनाने का सामान बेच रहा था। उसके पास से बारूद आदि भी बरामद की गई है। आरोपी के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
अवैध रूप से पटाखा व्यवसाय करने वाले को विस्फोटक के साथ पकड़ा गया है। पूरे मामले की जांच कराई गई है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
-एलआर कुमार, एसपी सीतापुर