लोकसभा चुनाव से पहले सरकारी मशीनरी चुनावी तैयारियां पूरी करने में जुटी है। इस बार वोटिंग को पारदर्शी बनाने के लिए ईवीएम के संग वीवी पैट का प्रयोग होगा।
शामली एवं लखनऊ से यहां स्थानांतरित होकर आई ईवीएम व वीवी पैट की चेकिंग होगी। यह जांच सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष व मंत्री की मौजूदगी में होगी। पांच मार्च को बंगलूरू से आए इंजीनियर इनकी प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से आवंटित बीईएल मेक एम-3 मॉडल की ईवीएम एवं वीवी पैट शामली एवं लखनऊ से सशस्त्र सुरक्षा कर्मियों की अभिरक्षा में सीतापुर जिले को भेजे गए हैं।
ईवीएम व वीवी पैट को भंडार कक्ष में सुरक्षित रखवाया गया है। इसके साथ ही मोबाइल एप से डाटा इंट्री संबंधी कार्य पूर्ण कर लिया गया है। शामली से 22 बीयू, 170 सीयू एवं 95 वीवी पैट जिले को प्राप्त हुए हैं।
इसी प्रकार लखनऊ से 120 वीवी पैट प्राप्त हुए हैं। बीईएल बंगलूरू कंपनी के इंजीनियरों द्वारा पांच मार्च को ईवीएम का एफएलसी संबंधी कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
यह कार्य वेयर हाउस में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की अध्यक्ष एवं मंत्री की उपस्थिति में होगा। वेयर हाउस इसी दिन सुबह दस बजे खोला जाएगा।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शिखा श्रीवास्तव ने बताया कि एफएलसी संबंधी कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है। राजनीतिक दलों को इसके लिए पत्र भेजा गया है।