महोली (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में हाईवे पर शनिवार की दोपहर किसी वाहन ने बाइक सवार दंपती को रौंद दिया। इस हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
स्थानीय कोतवाली क्षेत्र ढखिया गांव में रहने वाले बेनी प्रसाद वर्मा (45) पुत्र कालीचरन शनिवार को अपनी पत्नी रीता की दवा लेने बाइक से उचौलिया आए थे। दवा लेकर वापस गांव लौटते समय दोपहर करीब दो बजे हाईवे पर कारेदेव मंदिर मोड़ के निकट पीछे से कोई वाहन उनकी बाइक को रौंदते हुए चला गया।
इस हादसे में बेनी प्रसाद वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि रीता गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।