कोर कमेटी की बैठक में सीतापुर क्लब को ऑफिसर्स हास्टल बनाने की हुई भर्त्सना
सीतापुर। बार एसोसिएशन की ओर से डीएम व एसपी के अलावा अब जिला जज के खिलाफ भी मोर्चा खोल दिया गया है। कोर कमेटी की बैठक के बाद शुक्रवार को वकीलों ने पुलिस-अधिवक्ता विवाद में अपना पक्ष प्रस्तुत करते हुए डीएम व एसपी पर कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री जबकि जिला जज के खिलाफ कार्रवाई को इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र भेजा गया है।
बार एसोसिएशन के सभागार में शुक्रवार को कार्यकारी अध्यक्ष आशीष मिश्र की अगुवाई में कोर कमेटी की बैठक हुई। इसमें वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद माधव अवस्थी ने मुख्यमंत्री व मुख्य न्यायाधीश इलाहाबाद हाईकोर्ट को भेजे जाने वाले प्रपत्रों को अंतिम रूप देकर सदस्यों की सहमति प्राप्त की।
अधिवक्ता महापंचायत में पारित प्रस्तावों के तहत डीएम व एसपी के तबादले और पूरे मामले की न्यायिक जांच, वकीलों पर दर्ज मुकदमों की विवेचना किसी अन्य एजेंसी से कराने तथा जिला जज के पूरे प्रकरण में अविवेकपूर्ण व्यवहार को देखते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए मुख्य न्यायाधीश इलाहाबाद हाईकोर्ट को पत्र प्रेषित किए गए।
इसके अलावा प्रतिनिधि सम्मेलन में पारित प्रस्तावों की ड्राफ्टिंग कमेटी ने ड्राफ्ट तैयार कर प्रदेश के सभी अधिवक्ता संघों व एसोसिएशन को भेजकर प्रदेश सरकार से कार्रवाई का अनुरोध करने की बात कही गई है। यह भी निर्णय लिया गया कि जिन अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार के बावजूद कार्य किया है उन्हें चिन्हित कर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
विवाद की वजह बने सीतापुर क्लब को जिला प्रशासन द्वारा अनाधिकृत तरीके से अपने कब्जे में लेकर ऑफिसर्स हास्टल बनाए जाने संबंधी कार्रवाई की भर्त्सना की गई। इस भूखंड से संबंधित प्रपत्रों का अवलोकन व विशेषज्ञ अधिवक्ताओं से विचार-विमर्श कर विधिक कार्रवाई किए जाने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष रामपाल मिश्र, सचिव राम मोहन पांडेय, रामनरेश मिश्र, मुकुल मिश्र, हर्षित लोचन, गिरीश चंद्र, विमल मोहन, संदीप, राजेंद्र, अभय, दिनेश आदि मौजूद रहे।