सीतापुर। माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा की बैठक रविवार को हुई। इसमें शिक्षकों से एकजुटता की अपील की गई। कहा गया कि सभी लोग संगठित होकर कार्य करें ताकि संगठन को मजबूती मिल सके। जिला कार्यालय पर हुई बैठक की अध्यक्षता प्रांतीय संगठन मंत्री दिनेश सिंह ने की तथा संचालन जिला महासचिव बेचेलाल भार्गव ने किया।
जिलाध्यक्ष पंकज पांडेय ने बताया कि वित्तविहीन शिक्षक व उनके परिवार आज सरकार की ढुलमुल नीति के कारण भुखमरी के कगार पर हैं। कई आंदोलनों व संघर्ष के बाद अखिलेश सरकार ने प्रदेश के 1.92 लाख शिक्षकों को मानदेय देना शुरू किया था पर उसे बंद कर दिया गया। नई सरकार से हमें सम्मानजनक वेतन व मानदेय की अपेक्षा थी। ऐसे में अब मजबूरी में हमें सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।
कहा कि एमएलसी उमेश द्विवेदी व एमएलसी संजय मिश्रा के नेतृत्व में 4 सितंबर को इको गार्डन लखनऊ में पूरे प्रदेश के लाखों वित्तविहीन शिक्षक व उनके परिवार के लोग प्रदर्शन करेंगे। अगर सरकार ने बात नहीं सुनीं तो 5 सितंबर यानी शिक्षक दिवस पर लखनऊ की सड़कों पर भिक्षुक बनकर भीख मांगेंगे।
इस दौरान एसपी सिंह, कोषाध्यक्ष संतोष यादव, कृष्ण प्रकाश बाजपेयी ने वित्तविहीन शिक्षकों से 4 सितंबर को लखनऊ कूच करने की अपील की। इस मौके पर अमर बाहदुर सिंह, युनूस अली, सुशील कटियार, नमिता, रीता यादव, शिवगोविंद व प्रताप नारायण तिवारी आदि मौजूद रहे।