परिवारीजनों ने पावर कॉर्पोरेशन पर लगाया लापरवाही का आरोप
सीतापुर। खेत में टूटे पड़े हाईटेंशन तार में उलझकर एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। यह घटना इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में उस वक्त हुई जब किसान सुबह नित्यकर्म के लिए घर से निकला था। मृतक किसान के परिवारीजन पावर कॉर्पोरेशन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।
इमलिया सुल्तानपुर के ग्राम बंजरिया निवासी दिनेश कुमार (40) किसान था। बुधवार की सुबह वह नित्यकर्म के लिए गांव के बाहर खेतों की तरफ गया था। बताते हैं कि एक खेत में हाईटेंशन तार टूटा पड़ा था। दिनेश जैसे ही उधर से गुजरा उसका पैर तार पर पड़ गया। जिससे उसे करंट लगा और उसकी मौत हो गई।
सूचना पर ग्रामीणों ने दिनेश को तार से अलग किया और सूचना पुलिस को दी। किसान के परिवारीजनों का ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र के बिजली तार जर्जर हैं। तमाम बार शिकायत की लेकिन जिम्मेदारों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
दिया जाएगा मुआवजा
बंजरिया गांव में करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत होने की खबर है। इस मामले में जांच कराके पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाएगा।
-एनपी सिंह, अधीक्षण अभियंता, पावर कॉर्पोरेशन