लपटों में दो मकान राख
थानगांव। थाना क्षेत्र में लपटों की चपेट में आकर दो मकान जलकर राख हो गए। इस हादसे में एक परिवार के सरकारी आवास की किश्त भी जलकर राख हो गई है।
पीड़ित गृहस्वामियों के मुताबिक अग्निकांड में करीब 3 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
ग्राम माधवपुरवा निवासी लल्लू के घर शुक्रवार को किन्हीं कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते पूरा घर आग की चपेट में आ गया।
गांव के लोग आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे थे कि इसी बीच आग ने करीब के राजेश व अन्य घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
गांव के लोगों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक लल्तू, गणेश, माधव, सुखराम के घर व उसमें रखा रुपये, कपड़े, जेवर, बर्तन व अनाज आदि सामान जलकर राख हो चुका था।
घटना के संबंध में लल्तू ने बताया कि हाल ही में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास मिला है। जिसका निर्माण कराने के लिए 70 हजार रुपये बैंक से निकाले थे।
निर्माण सामग्री लाने के लिए ये रुपये घर में ही रखे थे। इससे पहले कि भवन की निर्माण सामग्री लाते घर में आग लग गई। घर के सामान के साथ वह नकदी भी जलकर राख हो गई। दोनों गृहस्वामियों का कहना है कि हादसे में तीन लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।