कबड्डी में लखनऊ टीम का रहा दबदबा
सीतापुर। मंडलीय माध्यमिक विद्यालयीय कबड्डी प्रतियोगिता में लखनऊ जनपद ने प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया। जबकि दूसरे स्थान पर लखीमपुर जनपद रहा। राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर शुक्रवार को प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।
एडीएम राकेश चंद शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित व खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त करके शुभारंभ किया। उन्होंने आशा व्यक्त की सभी नियमों का पालन करते हुए आप अपने जनपद के लिए श्रेष्ठ प्रदर्शन करें।
लखनऊ मंडल का प्रतिनिधित्व प्रादेशिक प्रतियोगिता में जाएं। प्रतियोगिता में सीतापुर, लखीमपुर, हरदोई, लखनऊ, रायबरेली की सीनियर व जूनियर वर्ग में बालक व बालिका की टीमों ने प्रतिभाग किया।
जिला क्रीड़ा अधिकारी शाह आलम खान ने बताया विभिन्न जनपदों से आई टीमों के श्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन लखनऊ मंडल की टीम में किया जाएगा। यह टीम सात सितंबर को प्रादेशिक प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए बुलंदशहर जाएगी।
विजयी टीमों को डीआईओएस देवकी सिंह ने शील्ड देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में बालक सीनियर वर्ग में लखनऊ प्रथम व लखीमपुर द्वितीय रहा। वहीं जूनियर वर्ग में हरदोई प्रथम व लखनऊ द्वितीय रहा।
बालिका सीनियर वर्ग में लखनऊ प्रथम व लखीमपुर द्वितीय रहा। जूनियर में लखनऊ प्रथम व लखीमपुर द्वितीय रहा। इस मौके पर सह संयोजक इंद्रजीत सिंह, जिला व्यायाम शिक्षक राज शर्मा, पीसी यादव, विजय शंकर सिंह, आशीष बघेल, धर्मेंद्र कुमार, प्रमोद दीक्षित, वीरेश सिंह, संजय मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।