शहीद पार्क को बनाया कूड़ा डंपिंग ग्राउंड
कूड़े से फैल रही बदबू से लोग परेशान
सीतापुर। जिले के जिम्मेदार अब शहीदों का सम्मान करना तक भूल गए हैं। यही वजह है कि शहीदों के नाम पर बनाए गए पार्क को कूड़ा डंपिंग ग्राउंड बना दिया गया है। देश की आजादी की खातिर हंसते-हंसते जान गंवाने वाले शहीदों का खुलेआम अपमान करने में भी जिम्मेदार नहीं हिचक रहे हैं। हालत ये है कि शहीदों के नाम पर बनवाए गए पार्क में खुलेआम कूड़ा फेंका जा रहा है।
देश की आजादी के लिए सीतापुर के लोगों ने भी गोरी हुकूमत का सामना किया था। तमाम ऐसे लोग थे, जिन्होंने सीने पर गोली खाकर अंग्रेज फौजों का मुकाबला किया। लोग उन वीर जवानों को हमेशा याद रखें और उन्हें सम्मान दे, इस मंशा को लेकर तत्कालीन सरकार ने देश की आजादी में जान गंवाने वालों के नाम पर शहीद लालबाग पार्क बनवाया। इस पार्क में शहीद स्तंभ बनाए गए, जिन पर शहीदों व क्रांतिकारियों के नाम लिखे हैं। शहीदों की याद में पार्क तो बना दिया गया, लेकिन जिम्मेदार शहीदों का सम्मान करना भूल गए। यही वजह है कि इन दिनों पूरे शहर का कचरा इसी पार्क में फेंका जा रहा है। नगर के सफाई कर्मी उस कचरे को हत्थू ठेले में भरकर सीधे लालबाग पार्क पहुंच रहे हैं और शहीद पार्क के मैदान में कचरे का ढेर लगा रहे हैं। सफाई कर्मियों का यह क्रम बीते कई महीनों से चल रहा है, लेकिन जिम्मेदार बेपरवाह हैं। कूड़े से फैल रही बदबू से लोग परेशान हैं। हालांकि नगर के लोग जिम्मेदारों की इस मनमानी से नाराज हैं और विरोध भी कर रहे हैं।