पंचायत उपचुनाव के तहत रविवार को 14 ब्लॉकों में वोट डाले गए। हालांकि उपचुनाव में मतदाताओं ने खास रुचि नहीं दिखाई। 61 फीसदी मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया। एक प्रधान, छह बीडीसी के अलावा 178 ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए मैदान में उतरे 297 उम्मीदवारों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गई।
अब 23 फरवरी को वोटों की गिनती की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सीतापुर के रामपुर मथुरा, हरगांव, बेहटा, महमूदाबाद, महोली, पहला, मछरेहटा, मिश्रिख, लहरपुर, गोंदलामऊ, परसेंडी, पिसावां, सिधौली व ऐलिया में पंचायत उपचुनाव कराया गया।
बेहटा के पट्टी दहेली में प्रधान पद तथा एलिया, पहला, परसेंडी, महोली में एक-एक व पिसावां के दो वार्ड में बीडीसी पद तथा 14 ब्लॉकों में 178 ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए चुनावी प्रक्रिया अपनाई गई। यहां प्रधान के एक पद के लिए तीन लोग समेत बीडीसी व सदस्य के 185 पदों के लिए 297 लोग मैदान में हैं।
प्रशासन ने इन ब्लॉकों में मतदान प्रक्रिया सकुशल निपटाने के लिए 102 बूथ बनाए थे। 561 मतदान कार्मिक लगाने के साथ 15 जोन व 35 सेक्टर बनाए गए थे। रविवार को कड़ी निगरानी में सुबह सात बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई और शाम पांच बजे तक चली।
इस दौरान कहीं बूथों पर सन्नाटा दिखा तो कहीं कतारें नजर आईं। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रवीर सिंह व एसपी बालेंदु भूषण सिंह मतदान केंद्रों का जायजा लेते रहे। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार के मुताबिक बेहटा ब्लॉक के पट्टी दहेली में प्रधान पद के लिए 88 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले।