सीतापुर। शहरी प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों को छत मिलने का सपना पूरा होता दिख रहा है। बुधवार को 5839 लाभार्थियों के खाते में आवास की किस्त भेजी गई। इस दौरान एनआईसी में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी विशाल भरद्वाज मौजूद रहे। नगर निकायों में मुख्यमंत्री का लाइव प्रसारण दिखाया गया।
शहरी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों को पहली, दूसरी व तीसरी किस्त बुधवार को मिली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसकी वर्चुअल तरीके से शुरुआत की। इसको लेकर एनआईसी में कार्यक्रम हुआ। नगर निकायों में लाइव प्रसारण दिखाया गया।
एनआईसी में जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज, बिसवां विधायक महेंद्र सिंह यादव, पीओ डूडा अरविंद गिरि व प्रोजेक्ट मैनेजर पियूष मिश्रा ने सीएम का लाइव संबोधन सुना। सीएम ने डीबीटी के जरिये लाभार्थियों के खातों में धनराशि भेज दी।
मुख्यमंत्री ने जिले के 1192 लाभार्थियों के खाते में आवास की पहली किस्त, 1968 लाभार्थियों को दूसरी किस्त ऑनलाइन भेजी। दो हजार से अधिक लाभार्थियों को तीसरी किस्त भेजी। पहली किस्त के तौर पर 50 हजार, द्वितीय में 1.50 लाख व तीसरी में 50 हजार किस्त दिए। इस बजट से लाभार्थी अब अपने सपने का आवास बनवा सकेंगे।