महमूदाबाद (सीतापुर)। नगर पालिका और पुलिस प्रशासन ने शनिवार को उपजिलाधिकारी के नेतृत्व मेें नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इसमें मोतीपुर मार्ग के फुटपाथ पर अवैध कब्जा करने वाले व्यापारियों का अतिक्रमण हटवाया। साथ ही भविष्य में अतिक्रमण न करने की चेतावनी भी दी गई। इससे पूरे शहर में अफरातफरी मच गई।
शनिवार को उपजिलाधिकारी संतोष राय के नेतृत्व में अधिशाषी अधिकारी शैलेन्द्र दुबे, कोतवाली प्रभारी ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह ने दर्जनों सफाईकर्मियों व पुलिस बल, जेसीबी मशीन के साथ रामकुण्ड चौराहे से मोतीपुर चौराहे के बीच अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
पालिका टीम और पुलिस बल ने सड़क किनारे फुटपाथ पर रखे चाट व्यापारियों के स्टॉल को जब्त कर लिया और फुटपाथ पर रखी व्यापारियों की टीन भी ध्वस्त कराई गई। उपजिलाधिकारी ने सड़क के दोनों ओर दुकानों में जाकर व्यापारियों को हिदायत दी कि भविष्य में फुटपाथ पर किसी भी तरह का अतिक्रमण दिखता है तो प्रशासन सख्त कार्यवाही करेगा।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान एक चाट व्यापारी और सफाई कर्मियों के बीच मामूली झड़प भी हुई, हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस बल ने बीचबचाव किया। ईओ शैलेंद्र दुबे ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत पालिका ने मुख्य मार्गों पर नाले बनवाए हैं।
लोगों ने नाले-नालियों पर कब्जा कर रखा है। जिससे सफाई के साथ ही अतिक्रमण होने से सड़क पर निकलने वाले राहगीरों को काफी समस्या होती है। पालिका किसी भी तरह से अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं करेगी।