दो साल से पड़ोस में ही क्लीनिक भी चला रहा था
सीतापुर। तालगांव इलाके में एक मेडिकल स्टोर बिना लाइसेंस के चलते मिला। यहां पर मेडिकल स्टोर संचालक पड़ोस में एक क्लीनिक भी चला रहा था। जिला खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की टीम ने छापा मारकर मेडिकल स्टोर को सीज कर दिया है। साथ ही तीन दवाओं के नमूने भरे हैं। तालगांव कोतवाली में संचालक के खिलाफ तहरीर दी है।
सहायक आयुक्त औषधि लखनऊ मंडल ने प्रतिबंधित ऑक्सीटोशिन इंजेक्शन के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसके लिए एक कमेटी गठित की थी। इस टीम में डीआई लखीमपुर सुनील रावत व सीतापुर डीआई नवीन कुमार शामिल थे।
टीम ने मंगलवार को पुलिस की मदद से तालगांव इलाके के इमलिया चौराहे पर छापा मारा। यहां पर रामलखना निवासी राजेश कुमार मेडिकल स्टोर चला रहे थे। इस मेडिकल स्टोर का संचालन करीब दो साल से हो रहा था। जांच में पता चला कि यह बिना लाइसेंस के चल रहा है।
इस पर टीम ने मेडिकल स्टोर को सीज कर दिया है। इस दौरान करीब 22 हजार की दवाएं वहां पर मौजूद मिलीं। यह पड़ोस में ही मरीजों का इलाज भी कर रहे थे। मेडिकल स्टोर से तीन दवाओं के नमूने लिए गए हैं। इनको जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
वहीं टीम ने तालगांव कोतवाली में संचालक के खिलाफ तहरीर दी है। डीआई नवीन कुमार ने बताया जिले में यह अभियान लगातार चलता रहेगा। बिना लाइसेंस एक भी मेडिकल स्टोर चलने नहीं दिया जाएगा।