सांप के डसने से महिला की गई जान, परिवारवाले कराते रहे झाड़-फूंक
थानगांव/रेउसा(सीतापुर)। थानगांव थाना क्षेत्र में सर्पदंश से एक महिला की मौत हो गई। परिवार के सदस्य झाड़-फूंक के चक्कर में ही पड़े रहे और महिला की मौके पर ही जान चली गई।
थाना क्षेत्र के ग्राम डेलिया निवासी राम रतन की पत्नी गायत्री देवी(35) सोमवार की सुबह नल पर पानी भरने गई थी। बतातें हैं कि नल के करीब ही काफी कूड़ा है। इसी कूड़े के ढेर में एक जहरीला सांप बैठा हुआ था। गायत्री देवी जैसे ही उधर से गुजरी, उसका पैर सांप पर पड़ गया। दबाव पड़ते ही सांप ने गायत्री देवी को डस लिया। इससे कुछ देर बाद ही जहर अपना असर गायत्री देवी पर करने लगा। उसकी हालत बिगड़ती देख परिवार के सदस्य क्षेत्र से झाड़-फूंक करने वाले ओझाओं को बुला लाए। दोपहर तक ओझा झाड़ फूंक में ही जुटे रहे, जबकि गायत्री देवी की हालत बिगड़ती ही चली गई। दोपहर के वक्त झाड़ फूंक के दौरान उसने दम तोड़ दिया। क्षेत्र के लोगों की माने तो, अगर परिवार झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ता और महिला को लेकर सीधे अस्पताल जाता, तब शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। परिवार ने शव को दफना दिया है।