बिजली न आने पर नाराज नागरिकों ने लगाया जाम
सीतापुर। बिजली न आने से नाराज नागरिकों का गुस्सा सड़कों पर फूटा। इसे लेकर गस्साए नागरिकों ने श्यामनाथ मंदिर पर जाम लगा दिया और जमकर नारेबाजी की। तकरीबन दो घंटे तक जाम लगा रहा। इससे मंदिर पर कांवड़ चढ़ाने आए कांवड़िये जाम में फंसकर हलकान नजर आए। सूचना पर पाकर कोतवाल ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर आंदोलन शांत कराया। तब कहीं जाकर जाम खुल सका।
मालूम हो कि शहर के मोहल्ला मुंशीगंज में तकनीकी खराबी के कारण सोमवार रात को बिजली गुल हो गई। इससे गहरी नींद में सोए लोग गर्मी के मारे बिलबिला उठे। करीब दो घंटे तक जब आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो गर्मी के कारण लोग घरों से बाहर निकल आए और श्यामनाथ मंदिर के समीप एकत्रित होकर जाम लगा दिया और वहां पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस समय बिजली सप्लाई रोस्टर गड़बड़ाया हुआ है। न तो बिजली आने का समय है और न ही जाने। लाइट कब आएगी और जाएगी, खुद जिम्मेदार अफसरों तक पता नहीं। इसकी सूचना मिलने पर कोतवाल धर्मेद्र सिंह रघुवंशी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों को जल्द आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। तब कहीं जाकर जाम खुल पाया। इस जाम में मंदिर जाने वाले कांवड़िये भी फंस गए।