शैक्षिक सत्र 2016-17 में अंतिम तिथि तक करीब 50 हजार विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति के लिए आवेदन किया। यह विद्यार्थी पूर्व दशम व दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के हैं। अब इनके आवेदनपत्रों की पड़ताल शुरू कर दी गई है।
शासन की ओर से प्रत्येक वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ दिया जाता है। कक्षा 9 व 10 के विद्यार्थी पूर्वदशम योजना में आते हैं। इनको छात्रवृत्ति मिलती है। इसी प्रकार कक्षा 11 से डिग्री तक के विद्यार्थी दशमोत्तर योजना के तहत छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति दोनों का लाभ पाते है।
पहले स्तर पर विद्यार्थी कॉलेज के माध्यम से आवेदन करते हैं। इसके बाद कॉलेज द्वारा फॉर्म समाज कल्याण विभाग को भेज दिया गया है। 18 अक्तूबर तक इन योजनाओं के तहत आवेदन मांगे गए थे, जिसमें पूर्वदशम योजना में करीब 20 हजार व दशमोत्तर में 30 हजार आवेदन आए हैं। अब इन आवेदनों की जांच की जाएगी। जांच के बाद अंतिम रूप से लिस्ट पर मुहर लगेगी। उसके बाद ही विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा।
पिछले साल तीन हजार फॉर्म हुए रिजेक्ट
पिछले साल छात्रवृत्ति के आवदेन में विद्यार्थियों ने खूब गल्तियां की थीं। इनको सुधरने का मौका दिए जाने के बाद भी विद्यार्थियों ने दुरुस्त नहीं किया। इस पर करीब तीन हजार विद्यार्थियों के आवेदन निरस्त कर दिए गए थे। वह छात्रवृत्ति का लाभ पाने से वंचित रह गए थे।