कुवंरगड्डी (सीतापुर)। मुज्जफरपुर रजबहा कटने से करीब 50 बीघा फसल जलमग्न हो गईं। गेहूं व सरसों की फसलों में पानी भरने से किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है। दरअसल, ललतापुर गांव के निकट मुज्जफरपुर रजबहा पानी के दबाव से कट गई।
रजबहा का पानी खेतों में भरने लगा। इससे सोनू रावत की चार बीघा, मुन्नीलाल की दो बीघा, सुरेंद्र कुमार की चार बीघा, सोने लाल की दो बीघा, रामेंद्र कुमार की चार बीघा, रामस्वरूप की तीन बीघा, हीरा की दो बीघा, रामदास की पांच बीघा समेत कई किसानों की करीब 50 बीघा गेहूं व सरसों की फसल पानी में डूब गई।
किसानों ने बताया कि सिल्ट सफाई के नाम पर केवल रस्म अदायगी की जाती है। रजबहा ठीक से साफ न होने पर पानी आगे नहीं बढ़ पाता और उसके दबाव से पटरी कट जाती है। रजबहा कटने से किसानों काे भारी नुकसान उठाना पड़ा है। सिंचाई विभाग के अवर अभियंता सुबोध ने बताया कि रजबहा की पटरी कटने की जानकारी मिली है। जेसीबी मौके पर भेजकर क्षतिग्रस्त पटरी दुरुस्त कराई जा रही है।