सीतापुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शहर के राजकीय इंटर कॉलेज प्रांगण में शुक्रवार को पंडाल सजाया गया। इसमें 17 ब्लॉक और छह निकायों की 484 बेटियों का सामूहिक विवाह हुआ। नौ जोड़ों का निकाह कराया गया। डीएम, सीडीओ संग जनप्रतिनिधियों ने बरातियों और जनातियों का स्वागत सत्कार किया।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का शुभारंभ कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही, नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु ने दीप जलाकर किया। कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही ने कहा कि गरीब परिवार के घर जब कन्याओं का जन्म होता है तो उसका पूरा जीवन बेटी के विवाह की तैयारियों में ही व्यतीत हो जाता है। कन्या के विवाह के लिए परिवार या तो खेत बेचता है या गहने गिरवी रखता है। इन्हीं सभी समस्याओं को देखते हुए सीएम ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना लागू की है। नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु, विधायक रामकृष्ण भार्गव, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। जिलाधिकारी डाॅ. राजा गणपति आर ने सभी जोड़ों को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं। जिला समाज कल्याण अधिकारी मोती लाल यादव ने वरिष्ठ सहायक सुरेश गौतम सहित अन्य कर्मचारियों के साथ व्यवस्थाओं को देखते हुए उपहार किट का वितरण कराया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रणता ऐश्वर्या व अन्य अफसर उपस्थित रहे।
इन ब्लॉकों की बेटियों की हुई शादी
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 484 जोड़े शामिल हुए। इसमें ऐलिया ब्लॉक के 14, बेहटा के 19, बिसवां के 58, गोंदलामऊ के 39, हरगांव के 30, कसमंडा के 24, खैराबाद के 27, लहरपुर के नौ, मछरेहटा के 35, महमूदाबाद के 56, महोली के छह, पहला के 26, परसेंडी के 18, रामपुर मथुरा के आठ, रेउसा के 10, सकरन के 28, सिधौली के 45, खैराबाद नगर निकाय के सात, मिश्रिख नगर निकाय के एक, महोली नगर निकाय के 13, सीतापुर नगर निकाय के छह, सिधौली नगर निकाय के दो और बिसवां नगर निकाय के तीन जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ।
इस दौरान नौ मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया। इसमें रुकसाना, रूकसार, तरन्नुम, मंतशा, मेहर जहां, रूबीना, सैबा, शहनाज बानो और अयाशा शामिल हैं। सभी अतिथियों द्वारा जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय वैवाहिक जीवन के लिए कामना की गई।
बेटियों के खाते में भेजे जाएंगे 60 हजार रुपये
बेटियों को बेहतर वैवाहिक जीवन व्यतीत करने के लिए उनके बैंक खाते में समाज कल्याण विभाग की ओर से 60 हजार रुपये भेजे जाएंगे। सभी जोड़ों को 25 हजार रुपये लागत की विवाह उपयोगी सामग्री दी गई। सीएम सामूहिक विवाह आयोजन के लिए पंडाल समेत अन्य कार्यों के लिए प्रति जोड़ा 15 हजार रुपये खर्च किए गए।
रामनगरी की टोली ने बनाए पकवान
दूल्हा और दुल्हन संग आए बरातियों और जनातियों के लिए रामनगर अयोध्या से आईं महिलाओं की टोली ने पकवान बनाकर खिलाए। सभी को गरमागरम भोजन कराने के लिए व्यवस्था संभाल रहीं बीकापुर ब्लॉक के ग्राम कोहला बाजार की रहने वाली सीता, मझुवारा की रोशनी और कानौ सहित 11 महिलाओं ने पकवान बनाए। साथ ही पूराबाजार के साहब सरन, दीपक यादव संग 40 लोगों की टोली खानपान की व्यवस्था देख रही थी।
भूमिहीन नाई की बेटी का हुआ निकाह
खैराबाद ब्लॉक के ललियापुर गांव की रहने वाली कक्षा सात उत्तीर्ण खुशनुमा का निकाह परसेंडी ब्लॉक के शंकरपुर निवासी मो. चांद से हुआ। खुशनुमा ने बताया कि उनके अब्बा के पास जमीन नहीं है। वह खैराबाद चुंगी पर बाल काटते हैं। सात भाई और दो बहनों को बड़ा परिवार है। बड़ी बहन और तीन भाइयों का किसी तरह निकाह हो चुका है। उन्होंने सीएम का शुक्रिया करते हुए बताया कि सीएम सामूहिक विवाह की वजह से बिना किसी दिक्कत के निकाह हुआ।
महमूदाबाद ब्लाॅक के पैगरवा की रहने वाली काजल ने अपने पति के साथ सात फेरे लिए। काजल की बुआ ममता ने बताया कि भइया के पास मात्र दो बीघा जमीन है। काजल चार बहन और तीन भाइयों में सबसे बड़ी हैं। इस योजना के संचालन से ही काजल का विवाह बिना किसी दिक्कत हो सका।
गायत्री परिवार ने कराया वैदिक मंत्रोच्चारण
गायत्री परिवार की टोली ने सभी जोड़ों को वाद्य यंत्रों के साथ वैदिक मंत्रोच्चारण कर सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सभी जोड़ों ने खड़े होकर आरती भी उतारी।