सीतापुर। जिले की 440 ग्राम सभाओं की सत्ता मंगलवार को प्रधान व सदस्यों ने संभाल ली। डीएम विशाल भारद्वाज द्वारा नामित अफसरों ने उन्हें उनकी ग्राम पंचायत में ही वर्चुअल रूप से शपथ दिलाई। शपथ लेने के बाद प्रधान व सदस्यों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इसके लिए उन्होंने जनता जनार्दन को बधाई दी। अब पंचायत की पहली बैठक के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है।
बुधवार को 424 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को सदस्य सहित शपथ दिलाई जाएगी। 27 मई को 864 ग्राम पंचायतों की पहली बैठक कोरोना गाइडलाइन के अनुसार होगी। इसमें छह समितियों का गठन किया जाएगा, जिससे गांव के सभी विकास कार्य सुचारु रूप से कराए जा सके।
इंतजार की घड़ियां खत्म हुईं। जिले की 1596 ग्राम पंचायतों में प्रधान व सदस्यों का निर्वाचन कराया गया था।
इसमें 864 ग्राम पंचायतों में ही दो तिहाई सदस्यों के निर्वाचित होने के कारण वह पूर्ण रूप से संघटित हो सकीं। इनमें 440 ग्राम पंचायतों के प्रधान एवं सदस्यों को मंगलवार को नामित अफसरों ने शपथ दिलाई। रामपुर मथुरा संवाद के अनुसार, 79 ग्राम पंचायतें हैं। जिनमें 42 ग्राम पंचायतों में सदस्यों की संख्या का कोरम मानक से कम होने के कारण केवल 37 ग्राम पंचायत के प्रधानों को शपथ दिलाई जानी है।
23 ग्राम पंचायत के प्रधानों एवं वहां के सदस्यों को शपथ दिलाई गई। शेष 14 ग्राम पंचायत के प्रधानों व सदस्यों को बुधवार को शपथ दिलाई जाएगी। महमूदाबाद संवाद के अनुसार छह न्याय पंचायतों के 12 ग्राम प्रधानों व उनके सदस्यों को वर्चुअल तरीके से शपथ दिलाई गई। न्याय पंचायत बकहुवा के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय सुरखुपुरवा में ग्राम पंचायत अंगेथुवा, बकहुवा के प्रधान व न्याय पंचायत गुलारामऊ के अंतर्गत पंचायत भवन गुलरामऊ में ग्राम प्रधान गुलरामऊ की शपथ हुई।
न्याय पंचायत जयरामपुर के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय जयरामपुर में ग्राम प्रधान अगय्या, जाफरपुर, न्याय पंचायत खुरवल के अंतर्गत पंचायत भवन सदरपुर में प्रधान बेहती, खुरवल, सदरपुर, न्याय पंचायत लालपुर के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय जोधपुरए मुंडेरा में ग्राम प्रधान देवरिया लालपुर, मुंडेरा, न्याय पंचायत कांसा के अंतर्गत प्रधान कासां को वर्चुअल शपथ दिलाई गई। विकासखंड अधिकारी अशोक कुमार चौरसिया ने बताया कि बुधवार को 19 प्रधानों को वर्चुअल शपथ दिलाई जाएगी।
महोली संवाद के अनुसार 22 ग्राम पंचायत के प्रधान व सदस्यों का शपथ ग्रहण कराया गया। 13 ग्राम प्रधान व पंचायत सदस्यों का शपथ ग्रहण बुधवार को कराया जाएगा। महोली विकासखंड की 35 ग्राम पंचायतों में प्रधान व सदस्य शपथ गृहण करेंगे। शेष बची 37 ग्राम पंचायतों को दो तिहाई बहुमत न होने के कारण शपथ के लिए इंतजार करना पड़ेगा।
एडीओ पंचायत ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि ब्लाक मे 75 ग्राम पंचायतें हैं। जिसमें 72 ग्राम पंचायत में चुनाव सम्पन्न कराए गए थे। तीन ग्राम पंचायतों मे प्रधानों का कार्यकाल पूरा न होने से चुनाव नहीं हुआ था। वहीं 915 ग्राम पंचायत सदस्यों के पद हैं। जिसमें 554 ग्राम पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए हैं। 361 ग्राम पंचायत सदस्यों की संख्या रिक्त है। जिसके चलते ब्लाक की 35 ग्राम सभाओं को ही दो तिहाई बहुमत प्राप्त हो सका।
इमलिया सुल्तानपुर संवाद के अनुसार विकास खंड ऐलिया के 31 ग्राम सभाओं में प्रधानों को शपथ दिलाई जानी है। तहसीलदार संजय यादव ने मोबाइल व लैपटॉप के जरिए 13 प्रधानों एवं वहां के ग्राम पंचातय सदस्यों को वर्चुअल शपथ दिलायी। जिसमें परेवा धेनापुर, सेमौरा, मलिकापुर, चांदूपुर, ऐलिया, छतौना, गोड़वा साहबगंज, बेलगवां, अमीरनगर, पिपरी कलॉं, कुसुमा, भेलावॉं खुर्द व सेमरहन में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों व सदस्यों को शपथ दिलाई गई।
नैमिषारण्य संवाद के अनुसार एसडीएम गिरीश झा एवं बीईओ ने नवनिर्वाचित प्रधानों व पंचों को शपथ दिलाई। ग्राम सभा अटवा से अनीता मौर्य, ठाकुरनगर से दिलीप गुप्ता, लकड़ियामऊ से मोनू कुमार ने प्रधान पद की शपथ ली। न्याय पंचायत की अन्य ग्रामसभा भैरमपुर, नीमसार देहात व फूलपुर झरिया के पंचों का कोटा न पूरा होने के कारण शपथ नहीं दिलाई गई। पंचों के चुनाव के बारे में बीडीओ राम कुमार उपाध्याय ने बताया कि शासन के निर्देश के अनुसार भविष्य में पंचों का चुनाव कराया जाएगा।
तंबौर संवाद के अनुसार विकासखंड बेहटा में 94 ग्राम सभाओं में से मंगलवार को 34 प्रधानों व निर्वाचित ग्राम पंचायत सदस्यों को वर्चुअल शपथ दिलाई गई। ब्लाक दफ्तर से तहसीलदार लहरपुर मदन मोहन वर्मा ने ऑनलाइन संपर्क के द्वारा उनके गांवों में ग्राम पंचायत अधिकारियों के माध्यम से शपथ ग्रहण करवाई। 33 प्रधानों को 26 मई को शपथ दिलाई जाएगी। भदफर प्रधान शिव कुमार यादव ने ग्रामसभा के सम्पूर्ण विकास का वादा किया। लहरपुर संवाद के अनुसार 18 ग्राम प्रधानों को नोडल अधिकारी एसडीएम पीएल मौर्या ने वर्चुअल माध्यम से शपथ दिलाई। 23 ग्राम प्रधानों को बुधवार शपथ दिलाई जाएगी।