सीतापुर/खैराबाद। खैराबाद कस्बे के पास लहरपुर मार्ग पर शाम को टहलने के दौरान एक पिकअप की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि उसका साथी जख्मी हो गया। वहीं लखीमपुर जिले के पसिगवां इलाके में हाइवे पार करते समय एक किसान की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई।
खैराबाद कस्बे के डीजे कॉलेज के पड़ोस रहने वाले चालीस वर्षीय महेंद्र पुत्र श्रीराम वर्मा अपने साथी भोला के साथ शनिवार की देर शाम टहलने निकले थे। यह लोग लहरपुर मार्ग पर टहल रहे थे। इसी बीच डीजे कॉलेज के आगे लहरपुर मार्ग पर इन लोगों को एक तेज रफ्तार पिकअप टक्कर मार कर निकल गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इन लोगों को फौरन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने महेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि भोला का इलाज चल रहा है।
इसके अलावा लखीमपुर खीरी जिले के पसिगवां क्षेत्र के महादियापुर गांव निवासी पचपन वर्षीय श्यामलाल पुत्र मैकूलाल रविवार की सुबह करीब पांच बजे अपने खेत जा रहे थे। जब यह गांव के पास हाइवे पार करने लगे तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में श्यामलाल गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उनको मैगलगंज भर्ती कराया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उनको ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
परिवार के लोग उनको लखनऊ ले जा रहे थे। रास्ते में श्यामलाल की मौत हो गई। मौत के बाद परिवार के लोग शव को जिला अस्पताल ले गए। वहां पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।