टीचर्स प्रीमियर लीग के सातवें संस्करण का आगाज
सीतापुर। बेसिक टीचर क्रिकेट यूनियन की ओर से मंगलवार को टीचर्स प्रीमियर लीग के सातवें संस्करण का आगाज हुआ। उद्घाटन मैच में रईस अहमद की मेंटरशिप वाली टीम मास्टर ब्लास्टर ने रत्नेश मिश्रा की टीम सीतापुर वारियर्स को चार विकेट से शिकस्त दी।
आरएमपी इंटर कॉलेज के मैदान में डायट प्राचार्य जेपी मिश्रा ने प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह व जिलामंत्री रवींद्र दीक्षित की गेंदों को खेलकर टीपीएल-7 का उद्घाटन किया। पहले मैच में मास्टर ब्लास्टर के कप्तान मदनेश मिश्रा ने टॉस जीत कर वारियर्स के कप्तान हर्ष वर्धन को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
वारियर्स की शुरुआत बहुत ही खराब रही। ओपनर एहतेशाम आलम व अभिषेक सिर्फ आठ-आठ रन बनाकर चलते बने, तीसरे विकेट के रूप में अर्जित चौहान भी बिना खाता खोले ही आउट हो गए। कप्तान हर्ष वर्धन और पवन इटारी अच्छी साझेदारी करते हुए 10 ओवर में 80 रन का स्कोर खड़ा कर टीम को अच्छी स्थिति में ले आए।
पर छक्का मारने के चक्कर में पवन इटारी आउट हो गए। वारियर्स की पूरी टीम निर्धारित 15 ओवर से पहले ही सिर्फ 93 रन पर आउट हो गई जिसमें हर्षवर्धन का शानदार अर्धशतक शामिल है। हर्ष ने 53 रन बनाए। ब्लास्टर की तरफ से धीरेंद्र ने चार और सुनील ने तीन विकेट लिए।
जवाब में 94 रन का पीछा करने उतरी मास्टर ब्लास्टर की टीम की शुरुआत भी खराब रही। पहले ही ओवर में ओपनर अनुराग बिना खाता खोले आउट हो गए। राघवेंद्र और उमाकांत भी चलते बने लेकिन दूसरे छोर पर खड़े ओपनर सुनील ने आक्रामक खेल खेलते हुए सिर्फ 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा करते हुए टीम को जीत की दहलीज पर खड़ा कर दिया।
वह छक्का मारने के चक्कर में आउट हो गए, उन्होंने 20 गेंदों में आठ छक्के व तीन चौकों की मदद से शानदार 63 रनों की पारी खेली। अनूप राठौर के 18 रनों की मदद से ब्लास्टर टीम ने सिर्फ 10 ओवर में ही 94 रन बना कर चार विकेट से मैच जीत लिया। आशीष पांडे ने सुनील सिंह को ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार प्रदान किया।
खेल शिक्षक विजय शंकर सिंह ने बताया कि टीपीएल-7 के कप का नाम सीतापुर के एलिया ब्लॉक में कार्यरत शिक्षक स्वर्गीय सचिन श्रीवास्तव के नाम पर सचिन मेमोरियल कप रखा गया है जिनकी इसी साल 7 जनवरी को सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। सचिन बहुत ही नेकदिल इंसान थे जिन्हें पूरा शिक्षक समाज याद करता है।
प्रावि गुरदासपुर के प्रधानाध्यापक राजकुमार सिंह ने बताया कि शिक्षकों में खेल के प्रति रुचि को बढ़ावा देने के लिए यह प्रतियोगिता आयोजित की जाती है जिससे इसका लाभ परिषदीय विद्यालयों के छात्रों को मिल सके। इस मौके पर नित्यानंद अग्निहोत्री, राष्ट्रपति शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित अशोक प्रजापति, अनिल द्विवेदी, मोहम्मद वाइज, खलीक अहमद, पंकज, अनिल अवस्थी, अश्विनी सिंह ड्ढ शरद आदि मौजूद रहे।