कुतुबनगर/पिसावां (सीतापुर)। चुनाव आयोग की सख्ती के बाद हरकत में आई पुलिस ने क्षेत्र में खुलेआम चल रहे अवैध पटाखा व्यवसाय का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन लोगों को दबोच कर भारी मात्रा में अवैध रूप से तैयार किए गए पटाखा, अर्धनिर्मित सामग्री व गोला-बारूद बरामद किया है।
पिसावां इलाके में अर्से से अवैध रूप से बड़े पैमाने पर पटाखा व्यापार की चर्चाएं थीं। पुलिस जान कर भी अंजान बनी थी। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर चुनाव आयोग ने सख्ती की तो पुलिस भी हरकत में आई। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर शुक्रवार को पिसावां पुलिस ने चेकिंग शुरू की।
एसओ दिनेश सिंह पूरी टीम के साथ कुतुबनगर पहुंचे। यहां शकील के आवास पर चेकिंग की तो वहां भारी मात्रा में पटाखा व पटाखा बनाने वाली सामग्री बरामद हुई। पुलिस टीम ने यहां से शकील, उसके पड़ोसी मोहम्मद सईद व महोली के उरदौली निवासी पप्पू को गिरफ्तार किया।
साथ ही मौके से पांच किलो बारूद, गोला, चटाई, अनार, महताब आदि भारी मात्रा में आतिशबाजी का सामान बरामद किया। पुलिस का कहना है कि यह लोग बिना लाइसेंस अवैध तरीके से पटाखा व्यवसाय करते थे। आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है।