लहरपुर (सीतापुर)। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य मिशन के तहत सोमवार को आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता संगोष्ठी एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में 130 छात्रों को स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। प्राथमिक विद्यालय ईरापुर में आयोजित शिविर में रोग विशेषज्ञों ने बच्चों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया। साथ ही उन्हें चिकित्सीय परामर्श दिया।
संगोष्ठी में डॉ. सैयद अली ने कहा कि अपने स्वास्थ्य के प्रति प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक रहना चाहिए। किसी भी बीमारी को हल्के में नहीं लेना चाहिए, क्योंकि छोटी-छोटी बीमारियां इलाज के अभाव में आगे गंभीर रूप ले लेती हैं। डॉक्टर रुबीना ने महिलाओं से संबंधित विशेष कर गर्भावस्था में होने वाले बीमारियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने संतुलित आहार लेने पर विशेष जोर दिया।
डॉ. आशुतोष जोशी ने नेत्र से संबंधित रोगों से बचाव की जानकारी दी। शिक्षक सरोज कुमार वर्मा ने बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए साबुन से हाथ धोने की आदत डालने के लाभ बताए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अनवर अली ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य मिशन, आयुष्मान भारत आदि विभिन्न स्वास्थ्य से संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। शिक्षिका कृष्णा देवी ने कुपोषण के कारणों के बारे में बताया। इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रेमावती, शिक्षामित्र रामवती, राजीव कुमार, एसएमसी अध्यक्ष हरिपाल ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए।