संयुक्त आयुक्त ने बैठक में व्यापारियों की सुनीं समस्याएं
सीतापुर। वाणिज्य कर संयुक्त आयुक्त महेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को बैठक में व्यापारियों की समस्याएं सुनीं। बाद में उन्होंने समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन भी दिया। वाणिज्य कर कार्यालय में आयोजित बैठक में व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों से जीएसटी व अन्य समस्याओं में आ रही दिक्कतों और समाधान पर चर्चा की।
साथ ही जो फर्में अपना मासिक व त्रैमासिक कर समय से फाइल नहीं कर रहे हैं उनको भी व्यापार मण्डल द्वारा प्रेरित करने का आग्रह किया। वाणिज्य कर के सहायक आयुक्त हरीलाल प्रजापति ने व्यापारियों के सवालों पर उन्हें जानकारी देते हुए किसी भी समस्या के समाधान हेतु हमेशा उपलब्ध रहने की बात कही।
इस अवसर पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल के जिलाध्यक्ष भगवती गुप्ता, नगर अध्यक्ष सुनील टण्डन, आदर्श व्यापार मण्डल के सुशील अग्रवाल, प्रांतीय सचिव प्रदीप गुप्ता, उद्योग व्यापार संगठन प्रांतीय सचिव प्रेमचन्द्र अग्रवाल, समाजवादी व्यापार सभा के अध्यक्ष प्रेमनारायन गुप्ता, सरदार कुलदीप सिंह आदि उपस्थित रहे।