अटरिया (सीतापुर)। थाना इलाके में आधा दर्जन बदमाशों ने तमंचे के बल पर बाइक सवार युवकों से हजारों की नगदी व मोबाइल लूट लिया। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने कांबिंग की, मगर बदमाशों को कोई सुराग नही मिला। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
थानाक्षेत्र के डिवहारा निवासी गोलू शुक्ल गत रविवार को गांव के ही रामानुज शुक्ल के साथ बाइक से लखनऊ गया था। देर रात लखनऊ से वापस आते समय बखतखेड़ा की पुलिया के पास आधा दर्जन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने तमंचे से बाइक सवारों को कवर करते हुए उनके पास से 15 हजार रुपये की नगदी और दो मोबाइल लूट लिए।
पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का कहीं कोई सुराग नही मिला। थाना प्रभारी योगेन्द्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।