इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक का मामला, केस दर्ज
अटरिया (सीतापुर)। इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक में रुपये जमा करने आये एक खाताधारक से ठगों ने 17 हजार रुपये हड़प लिए और रफूचक्कर हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाक्षेत्र के रघुनाथपुर मजरा चंदेसुवा में रहने वाले शिव प्रसाद का इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक शाखा अटरिया में खाता है। विगत बुधवार को वह घर से 17 हजार रुपये लेकर बैंक में जमा करने आया था। बैंक में दोपहर का लंच चल रहा था। इस कारण वह बैंक के अंदर ही बैठ गया।
आरोप है कि इस बीच बाहर से आए दो युवकों ने कहा कि हमारे एक लाख रुपए रख लो मुझे फुटकर रुपयों की जरूरत है। आपके पास जितने फुटकर रुपये हों दे दो। मैं अभी काम निपटाने के बाद हिसाब-किताब कर लूंगा। इस पर शिव प्रसाद ने अपने 17 हजार रुपये उन्हें दे दिया। रुपये पाकर दोनों व्यक्ति बैंक से चले गए।
कई घंटे बाद भी जब वह युवक वापस नहीं लौटे तो शिव प्रसाद यह सोचकर घर चला गया कि मेरे पास उनके एक लाख रुपये जमा हैं। वह लोग खुद ही उसकी तलाश कर मिलेंगे। घर पहुंचकर उसने शाम को रुपयों की गड्डी गिनती करने के लिए खोली तो ऊपर केवल एक पांच सौ का नोट था जबकि बाकी पूरी गड्डी में सादे कागज के टुकड़ कटे हुए लगे थे।
यह देख उसके होश उड़ गए और समझ आया कि वह ठगी का शिकार हो गया है। गुरुवार को पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी। थाना प्रभारी योगेन्द्र सिंह ने बताया कि अज्ञात युवकों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।