गुस्साई भीड़ ने कुत्ते को पीट-पीटकर मार डाला
झरेखापुर (सीतापुर)। आदमखोर कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को कुत्तों ने शहर कोतवाली क्षेत्र में हरगांव थाने की सीमा पर मौजूद एक गांव में धावा बोला। यहां पर कुत्ते ने एक महिला व बालक पर हमला कर दिया। इससे दोनों जख्मी हो गए। इनको जिला अस्पताल भेजा गया है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने एक आदमखोर कुत्ते को घेरकर मार डाला।
पशु चिकित्सा विभाग ने कुत्ते के शव को कब्जे में ले लिया है। शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फत्तेपुर माफी निवासी महावीर की पत्नी ऊषा देवी (45) घर में मौजूद थी। इसी बीच एक आदमखोर कुत्ता घर में घुस गया। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, आदमखोर ने उसके ऊपर हमला बोल दिया।
चीख सुनते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों की मदद से कुत्ते को खदेड़ा। लेकिन तब तक महिला जख्मी हो चुकी थी। बताते हैं कि यहां से भागने के बाद कुत्ता करीब के राजू के घर घुस गया। यहां पर राजू का पुत्र आकाश (6) खेल रहा था। बच्चा हर खतरे से अंजान था।
इसी बीच कुत्ते ने उसके ऊपर हमला बोल दिया। बालक की चीख सुनकर गांव के लोग वहां भी पहुंचे। जिसके बाद घेराबंदी करके उसको मार डाला। लेकिन तब तक बालक जख्मी हो चुका था। महिला व बालक को आननफानन ग्रामीणों ने जिला अस्पताल भेजा।
सूचना मिलते ही नोडल अधिकारी पशु चिकित्सा डॉ. आदित्य कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने कुत्ते के शव को कब्जे में ले लिया। यहां बता दें कि इस हमले ने लोगों के दिलों में एक बार फिर से आदमखोर कुत्तों का खौफ पैदा कर दिया है।
आम कुत्तों से अलग है बनावट
नोडल अधिकारी डॉ. आदित्य कुमार ने बताया कि जो कुत्ता मारा गया है, उसके पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। देखने में यह कुत्ता आम कुत्तों से बेहद अलग नजर आ रहा है। इसकी शारीरिक बनावट भी अलग है। खास बात यह है कि इसके पिछले पैर औसतन लंबे नजर आ रहे हैं।