अटरिया (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में दो दिन पहले घर से निकले सेवानिवृत्त लेखपाल का शव सड़क किनारे एक खड्ड में पड़ा पाया गया है। परिवार का कहना था कि वह पेंशन लेने के लिए घर से निकला था। परिवार ने इस घटना को एक हादसा बताया है। पुलिस ने मृत्यु का कारण स्पष्ट करने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के ग्राम कीरतपुर नीलगांव निवासी रामशंकर पांडेय (70) सेवानिवृत्त लेखपाल थे। शनिवार को वह साइकिल से अटरिया कस्बा के लिए निकला था। जिसके बाद वह लौटकर घर नहीं आये। परिवार ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चला।
सोमवार को अटरिया थाना क्षेत्र के ग्राम जानकी नगर के निकट कुछ ग्रामीणों ने एक खड्ड में रामशंकर का शव पड़ा देखा। उसके करीब ही रामशंकर की साइकिल पड़ी थी। खबर फैलते ही परिवारीजन मौके पर पहुंचे, जिन्होंने शव की शिनाख्त की।
परिवारीजनों का कहना है कि बुजुर्ग सड़क हादसे का शिकार हुआ है। थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह बताया कि परिवार का इस संबंध में कोई आरोप नहीं लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।