बाइक से गिरकर जख्मी युवक की मौत
सीतापुर। महोली क्षेत्र में सोमवार को बाइक से गिरकर जख्मी हुए युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। सूचना पुलिस को दे दी गई है।
पिसावां के वजीरनगर निवासी मुनींद्र (26) सोमवार को बाइक से कहीं जा रहा था। जब वह महोली इलाके में फत्तेपुर गांव के पास पहुंचा था, तभी अचानक उसकी बाइक फिसल गई, जिससे मुनींद्र गिर गया था। इस दौरान पीछे से आ रही दूसरी बाइक उसके ऊपर चढ़ गई थी। हादसे में वह बुरी तरह जख्मी हो गया था। उसे जिला अस्पताल भेजा गया था, जहां मंगलवार को उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
संदिग्ध हालात में मृत मिली महिला
तम्बौर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र के दरियाना गांव में एक महिला का शव संदिग्ध हालात में कमरे में पड़ा मिला है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
तंबौर इलाके के दरियाना गांव निवासी शकुंतला (35) पत्नी स्व. रच्छू सोमवार शाम कमरे में सो रही थी। सुबह देर होने पर भी जब वह नहीं उठी तो परिवार के लोगों ने दरवाजा खटखटाया। जब वह नहीं उठी तो लोगों ने दरवाजा तोड़ दिया। इस पर वह कमरे में मृत हालत में मिली है। घटना की सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई थी।