सीतापुर। हेपेटाइटिस के 40 मरीज फिर से सीएचसी तंबौर बुलाए जाएंगे। मरीजों की दवा का आकलन कर इन्हें दूसरे माह की खुराक दी जाएगी। बेहटा के सोनसरी गांव में स्वास्थ्य विभाग की शुरुआती जांच में हेपेटाइटिस के 141 मरीज मिले थे। इन मरीजों की वायरल लोड जांच केजीएमयू भेजी गई थी। जांच में हेपेटाइटिस की पुष्टि हुई थी। इसके बाद सीएचसी तंबौर के चिकित्सकों को जिला अस्पताल की चिकित्सक डॉ. स्वस्ति बाजपेयी ने ट्रेनिंग दी थी।
पहले चरण में 40 मरीजों का इलाज शुरू हो गया था। अब इन मरीजों को दवा खाते हुए एक माह बीतने को है। स्वास्थ्य विभाग इन्हें तीन माह का कोर्स करा रहा है। दूसरे माह की दवा देने के लिए सीएचसी तंबौर बुलाया जाएगा। मरीजों को अपने साथ पहले माह की दवा की डिब्बी साथ लानी होगी। चिकित्सक पहले से मौजूद दवा का आकलन करके दूसरे माह की दवा देंगे। तीन माह बाद इनकी फिर जांच करवाई जाएगी।
अब लखनऊ नहीं भेजे जा रहे सैंपल
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. दीपेंद्र वर्मा ने बतायाकि सोनसरी गांव के सैंपल केजीएमयू भेजने के शासन ने निर्देश दिए थे। गांव के किसी भी मरीज के सैंपल की जांच सीतापुर में नहीं हुई है। अब जो भी मामले सामने आ रहे हैं। इन सभी मरीजों की वायरल लोड की जांच जिला अस्पताल में हो रही है। एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट आ जाती है।