सीतापुर। परिषदीय विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के पदों पर समायोजन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। शिक्षक संगठनों की मांग को स्वीकार करते हुए अब यह समायोजन विकल्प के आधार पर ही किया जाएगा। इसके लिए विभाग ने 3,610 शिक्षकों की अंतिम वरिष्ठता सूची जारी कर दी है।
शीतकालीन अवकाश के दौरान शुरू हुई इस प्रक्रिया के तहत उन प्राथमिक विद्यालयों में पद भरे जाएंगे जहां छात्र संख्या 150 से अधिक है। इसी तरह 100 से अधिक छात्र संख्या वाले उच्च प्राथमिक विद्यालयों में भी रिक्त प्रधानाध्यापक पदों को समायोजन के माध्यम से भरा जाएगा। पिछले एक सप्ताह से 3,610 शिक्षकों की वरिष्ठता सूची तैयार की जा रही थी। इस सूची पर आई आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद मंगलवार को अंतिम सूची सार्वजनिक कर दी गई।
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ लगातार मांग कर रहा था कि समायोजन प्रक्रिया पारदर्शी हो और शिक्षकों की इच्छा का ध्यान रखा जाए। विभाग ने इस मांग को मानते हुए अब शिक्षकों से तीन विकल्प लेने का निर्णय लिया है। शिक्षक अपने घर के आसपास के विद्यालयों का विकल्प चुन सकेंगे और उसी के आधार पर उनकी पोस्टिंग की जाएगी।