सीतापुर। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में जिले का बेहतर परिणाम रहा है। इस परीक्षा में 353 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। जिसमें सर्वाधिक 28 छात्र सकरन विकासखंड के शामिल हैं। वहीं स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज बलदेव नगर के छात्र ने जिले में टॉप किया है। इस पर बीएसए सहित बीईओ ने विद्यार्थियों को बधाई दी है।
परीक्षा पांच नवंबर को जिले में हुई थी। इस परीक्षा में कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। इसमें जिले के 353 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। जिसमें स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज बलदेव नगर मानपुर के छात्र आदिल खान ने पूरे जिले में प्रथम स्थान पाकर विद्यालय सहित क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इसके अलावा इस विद्यालय के शाहिबे आलम व अंशुल गुप्ता ने भी परीक्षा उत्तीर्ण की है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अरशुद्दीन खान रहबर प्रतापगढ़ी ने विद्यार्थियों को बधाई दी है। वहीं सकरन बीईओ ओंकार सिंह ने बताया कि जिले में एक हजार बच्चों ने हिस्सा लिया था। 28 विद्यार्थियों के एक साथ उत्तीर्ण होने से सकरन विकासखंड जिले में प्रथम स्थान पर रहा है।
उत्तीर्ण छात्र/छात्राओं को कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रतिमाह एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। कंपोजिट विद्यालय किरतापुर के 12, गजनीपुर के 7, रत्नापुर के 3 व उच्च प्राथमिक विद्यालय अंदूपुर के 2 छात्रों के साथ-साथ उच्च प्राथमिक विद्यालय पचदेवरा, बघेलिया, शेखवापुर, मोहारी व कंपोजिट विद्यालय दुगाना, उल्लहा से एक-एक छात्र के द्वारा परीक्षा को उत्तीर्ण की है। ब्लॉक में इस योजना में प्रथम स्थान पाने विद्यालय के शिक्षक ओमकार पांडेय, गजनीपुर के शिक्षक वीरेंद्र वर्मा ने शिक्षकों की सराहना करते शुभकामनाएं दी है।