पासिंग आउट परेड के बाद पीएसी को 328 जवान मिल गए। इनका एटीसी में पिछले आठ माह से प्रशिक्षण चल रहा था। पासिंग आउट परेड के दौरान विभिन्न परीक्षाओं के बाद उत्तीर्ण हुए 328 जवानों को पास आउट कर उन्हें पीएसी का अंग बनाया गया। इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए एटीसी के एडीजी सतीश कुमार माथुर ने परेड का मान प्रणाम ग्रहण किया।
एडीजी ने कहा कि जवानों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। वह अपनी-अपनी वाहिनी में पहुंचकर आरक्षी पीएसी के कर्तव्य एवं उसके उत्तरदायित्व का समझदारी से निर्वाहन करें। अंत में उन्होंने पास आउट हुए जवानों व उनके परिवारीजन को बधाई दी।
संस्थान के पुलिस अधीक्षक राहुल यादवेंदु ने बताया कि महाविद्यालय में ट्रेनिंग के लिए 394 प्रशिक्षुओं ने भाग लिया था। जिसमें 15 जवानों को विभिन्न कारणों से मूल वाहिनी को वापस भेज दिया गया था।
जिसके चलते 379 जवानों ने आखिर तक प्रशिक्षण लिया, जिसमें 328 पास हुए और 51 जवान फेल हो गए। इनका अब दोबारा प्रशिक्षण होगा। इस प्रशिक्षण में विभिन्न परीक्षाओं व क्रियाकलापों में आशीष कुमार, शिवि शुक्ला, वीरेश कुमार, ज्ञान कुमार वैश्य, पारस, गौरव पवार आदि का प्रदर्शन शानदार रहा।
पास आउट परेड के दौरान 11वीं वाहिनी के सेनानायक मनोज कुमार झा, पीटीसी के पुलिस अधीक्षक शफीक अहमद, सैन्य सहायक तारचंद्र वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक रमेश चंद्र सहित काफी संख्या में अधिकारी, कर्मचारीगण मौजूद रहे।