सीतापुर। अटरिया थाना क्षेत्र में आमान परिवर्तन के दौरान रेलवे क्रॉसिंग संख्या 42 बंद कर दिए जाने के विरोध में रविवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीण मनवा हॉल्ट से तिराहे तक रेलवे लाइन के किनारे सर्विस रोड बनवाने की मांग कर रहे हैं। एसडीएम सिधौली व रेलवे अफसरों को ग्रामीणों ने मांगों का ज्ञापन सौंपा। एसडीएम की ओर से सर्विस रोड बनवाए जाने के आश्वासन पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन स्थगित कर दिया।
सीतापुर-लखनऊ के बीच छोटी लाइन को बड़ी लाइन में तब्दील करने के दौरान अटरिया थाना क्षेत्र अंर्तगत सहजनपुर गांव के सामने पड़ने वाली रेलवे क्रॉसिंग संख्या 42 बंद कर दी गई है। इस रेलवे क्रॉसिंग बंद कर देने से गोधना, रामपुर टेडवा, छावन, गनेरा, नीलगांव सहित करीब 50 गांवों के लोगों को आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं।
इससे नाराज ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय गोधना में प्रदर्शन किया। गोधना प्रधान कमालुद्दीन के नेतृत्व में सिफत अली, तुफैल, सलाहुद्दीन, जुम्मन, कमलेश, गजराज, समी, मिन्ना आदि ग्रामीणों ने रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से आवागमन में आ रहीं समस्याओं को देखते हुए मनवा हाल्ट से मनवा तिराहे तक रेलवे लाइन के किनारे सर्विस रोड बनवाने की मांग की।
एसडीएम सिधौली एआर फारुखी, रेलवे के इंजीनियर एके श्रीवास्तव तथा रामनरेश ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से वार्ता की। एसडीएम के सर्विस रोड बनवाने के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। एसडीएम ने क्षेत्रीय लेखपाल सच्चिदानंद द्विवेदी को सड़क निर्माण के लिए जगह की पैमाइश कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
बाक्स
चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
रेलवे क्रॉसिंग संख्या 42 बंद कर दिए जाने के बाद मनवा हाल्ट से तिराहे तक ट्रैक के किनारे सर्विस रोड बनवाने की मांग कर रहे ग्रामीणों ने प्रदर्शन के दौरान मांग पूरी न होने पर लोकसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने कहा कि समस्या का निस्तारण नही हुआ तो किसी भी पार्टी को वोट नहीं देंगे।