तीन दिन में अपलोड करें जानकारी वरना मान्यता रद्द
28 कॉलेजों ने परीक्षा केंद्र संबंधी नहीं भरी जानकारी
डीआईओएस ने कॉलेजों को जारी किया नोटिस
सीतापुर। जनपद के 28 माध्यमिक कॉलेजों ने कई बार निर्देश के बावजूद वर्ष 2018 में होने वाली बोर्ड परीक्षा केंद्र निर्धारण संबंधी जानकारी अपलोड नहीं की है। इस पर डीआईओएस ने इन कॉलेजों को नोटिस जारी किया है। तीन दिन में कार्रवाई न करने पर मान्यता रद्द करने की चेतावनी दी है। डीआईओएस देवकी सिंह ने बताया वर्ष 2018 में होने वाली बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारियां चल रही थी। शासन ने परीक्षा केंद्र निर्धारण के लिए कॉलेजो से ऑनलाइन आवेदन करने का निर्देश दिया था। इस पर सभी कॉलेजो के प्रधानाचार्यों को बुलाकर विस्तृत जानकारी दी गई थी। इसके अलावा उनको कई बार निर्देश व फोन के माध्यम से भी सूचित किया जा चुका है। फिर भी 28 कॉलेज लापरवाही बरत रहे है। इन कॉलेजों ने अभी तक अपने विद्यालय संबंधी सूचनाएं व मोबाइल एप से विद्यालय की अक्षांस व देशान्तर परिषद की वेबसाइट पर अपलोड़ नहीं किया है। इससे परीक्षा केंद्र संबंधी काम बाधित पड़ा है। यह सभी कॉलेज 13 जुलाई तक अपनी जानकारी भर दें। वरना इन कॉलेजों की मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई शुरू की जाएगी।