निरीक्षण में 24 स्वास्थ्य कर्मी मिले नदारद
सीतापुर। सीएमओ डॉ. ध्रुवराज सिंह ने गुरुवार को पांच स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान उन्हें खस्ताहाल स्वास्थ्य सेवा का सामना करना पड़ा। सीएमओ को निरीक्षण के दौरान डॉक्टर समेत 13 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने उन सभी लोगों के वेतन रोकने के निर्देश दिए और स्पष्टीकरण की नोटिस जारी की है। सीएमओ ने बरई जलालपुर स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें वाहन चालक अमरेश सिंह, स्वास्थ्यकर्मी अभिजीत अवस्थी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने कर्मचारियों के अनुपस्थित होने पर नाराजगी जताई। जिसके बाद सीएमओ सिधौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां पर इमरजेंसी, दवा वितरण काउंटर का निरीक्षण किया। उपस्थिति पंजिका देखने पर पाया कि डॉ. गौरी विश्वास, स्वास्थ्यकर्मी शोभित, सुनीता त्रिपाठी, ब्यूटी राय अनुपस्थित हैं। यहां पर सीएमओ ने अधीनस्थों को उनकी जिम्मेदारी याद दिलाते हुए, स्वास्थ्य सेवा में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। अनुपस्थित डॉक्टर व कर्मचारियों के प्रति नाराजगी जताई। सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टिकरा का निरीक्षण किया। यहां पर डॉ. दिप्ती व सुनील शुक्ला नदारद मिले। इसी क्रम में सीएमओ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसवां का निरीक्षण किया। यहां तो सबकुछ बेपटरी मिला। सुपर वाइजर प्रमोद कुमार वर्मा, स्वास्थ्यकर्मी एमएस द्विवेदी, राम प्रकाश, माया देवी, सुनीता तिवारी आदि अनुपस्थित मिलीं। स्वास्थ्य कर्मियों की अनुपस्थिति देख सीएमओ ने नाराजगी जताई और निर्देश दिए कि जितने भी लोग अनुपस्थित मिले हैं, सभी का एक दिन का वेतन रोका जाए। वहीं सभी नोटिस भेजते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है। इसी क्रम में सीएमओ ने लहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया है। यहां के कार्य को लेकर सीएमओ ने संतोष जताया है।
निरीक्षण के दौरान जो भी डॉक्टर व कर्मचारी अनुपस्थित मिले हैं, उन सभी का एक दिन का वेतन रोकने व स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी को नोटिसें जारी कर दी गई हैं। -डॉ. ध्रुवराज सिंह, सीएमओ