गर्मी शुरू होते ही जिले में डायरिया का प्रकोप बढ़ने लगा है। अलग-अलग स्थानों पर डायरिया की चपेट में आकर 15 बच्चों समेत 30 लोग बीमार हो गए। बीमार लोगों को जिला अस्पताल समेत अन्य प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
सबसे बड़ी बात तो यह है कि अधिकतर दुधमुंहे बच्चे डायरिया की चपेट में आ रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि ऐसा गर्मी के प्रकोप के कारण हो रहा है। रामकोट के लोधौरा निवासी दिलीप का के पुत्र शहजल (4) को उल्टी-दस्त होने लगे। परिवार के सदस्यों ने उसे जिला अस्पताल में दिखाया। यहां पर डॉक्टर ने बच्चे को डायरिया की चपेट में आना बताते हुए भर्ती कर लिया।
ठीक इसी तरह से रामकोट के पिपरी कलां निवासी विमलेश का पुत्र सत्यवान 6 माह, रामकोट के फूलसिंह की पुत्री जान्हवी 5 माह, मानपुर के बन्नी खरैला निवासी प्रताप की पुत्री बबली 5 माह, तालगांव थाना क्षेत्र के ग्राम दयमलपुर निवासी राम किशोर की पुत्री सौंदर्य 5 माह, रामकोट के विशुनपुर निवासी तेजपाल की पुत्री अंजली 9 माह, तरीनपुर निवासी दुर्गेश की पुत्री तुलसी, शहर के मोहल्ला तरीनपुर निवासी आरिफ की पुत्री आरिजा, शाहपुर दलावल निवासी विजय कुमार का पुत्र श्रीकृष्ण भी डायरिया की चपेट में आ गया है।
30 लोग डायरिया की चपेट में हैं। इनमें से 15 बच्चे हैं। चिकित्सकों के मुताबिक गर्मी का प्रकोप बढ़ने से लोग डायरिया की चपेट में आ रहे हैं। इस मौसम में बाहर का खानपान बीमार कर सकता है।