योगी सरकार की ओर से किसानों को एक लाख रुपये तक कर्जमाफी के एलान के बाद अब सरकारी मशीनरी उसे अमली जामा पहनाने में जुट गई है। कर्जमाफी योजना में सीतापुर में 1,92,535 काश्तकार चिह्नित हुए हैं।
पहले चरण में 28 हजार किसानों को कर्ज माफी योजना का लाभ मिलेगा। यह लाभ उन्हें 15 अगस्त से दिया जाएगा। टीमें इनका वैरीफिकेशन करने में पसीना बहा रही हैं।
जिले में 325 के करीब छोटी व बड़ी बैंक शाखाएं हैं। इन्हीं बैंकों की विभिन्न शाखाओं से बड़े पैमाने पर किसानों ने कर्ज लिया है। प्रशासन के पास जो आंकड़ा आया है, उसमें 1,92,535 के करीब ऐसे किसान हैं, जो कर्जमाफी के दायरे में आ रहे हैं।
हालांकि योजना का लाभ ऐसे किसानों को पहले मिलेगा, जिनके खाते आधार से लिंक हैं। प्रशासन ने आधार वाले किसानों को चिह्नित करना शुरू कर दिया। इनकी संख्या 67 हजार के करीब है।
इन्हीं 67 हजार किसानों में से पहले चरण में 28 हजार को लाभ मिलेगा। प्रत्येक तहसील को पहले चरण में 4-4 हजार फाइलें दी गई हैं। इन्हीं फाइलों के हिसाब से जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारी कर्जमाफी के दायरे में आने वाले किसानों का सत्यापन कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि 28 किसानों की फाइलों का सत्यापन होने के बाद दूसरे चरण में अन्य किसानों का लाभ मिलेगा।