सीतापुर। सीएम पंचायत पुरस्कार योजना के लिए 83 ग्राम पंचायतों की ओर से ऑनलाइन आवेदन किया गया था। इनमें से 25 ग्राम पंचायतों को मेरिट के आधार स्थलीय सत्यापन के लिए चयनित किया गया है। इनका जिला स्तरीय समिति की ओर से सत्यापन करने के बाद संबंधित ग्राम पंचायतों के नाम शासन को भेज जाएंगे। शासन की समिति जांच के बाद अंतिम रूप से पंचायतों का चयन करेगी। इसके बाद उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा।
हर साल ग्राम पंचायतों में बेहतर कार्य कराए जाने पर उन्हें मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार योजना के तहत पुरस्कृत किया जाता है। इसके लिए ग्राम पंचायतों को स्वयं हमारी पंचायत ऑनलाइन वेब पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होता है। इसके बाद जांचोंपरांत चयनित ग्राम पंचायत को लाभ दिया जाता है। 210 ग्राम पंचायतों ने ऑनलाइन आवेदन किया। संबंधित ग्राम पंचायतों यूजर आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराए गए।
जिसके बाद 83 ग्राम पंचायतें की ओर से ही प्रश्रावलियों का स्व मूल्यांकन करते हुए पोर्टल पर ऑनलाइन भरकर फ्रीज किया गया। संबंधित ग्राम पंचायतों में से अवरोही क्रम में अधिकतम अंक प्राप्त करने वाली 25 ग्राम पंचायतों के स्थलीय सत्यापन के लिए 10 जिला स्तरीय अफसरों की टीम बनाई गई है। इनकी ओर से एक सप्ताह में प्रश्रावलियों के सापेक्ष सत्यापन कर रिपोर्ट जिला पंचायत राज अधिकारी को दी जाएगी।