नामांकन करने भारी जुलूस लेकर पहुंचे कई प्रत्याशी
- फोटो : अमर उजाला
निकाय चुनाव में नामांकन के अंतिम दिन 231 लोगाें ने परचा दाखिल किया। प्रत्याशियों ने अपनी ताकत का अहसास कराते हुए गाजे-बाजे के साथ जुलूस निकालकर नामांकन किया। जुलूस के कारण शहर में लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा। अंतिम दिन 231 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। इनमें अध्यक्ष पद के लिए 46 और सभासद पद के लिए कुल 185 नामांकन दाखिल हुए।
सीतापुर नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए अंतिम दिन भाजपा प्रत्याशी राजेश शुक्ल समेत 11 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। भाजपा प्रत्याशी खुली जीप में जुलूस के साथ नामांकन करने पहुंचे।
जिले की प्रभारी मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, सांसद राजेश वर्मा व विधायक राकेश राठौर भी जुलूस में शामिल रहे। सभासद पदों के लिए 62 नामांकन दाखिल हुए। नगर पालिका खैराबाद व नगर पंचायत हरगांव के नामांकन भी सदर तहसील में दाखिल होने से शहर के लालबाग चौराहे पर जाम के हालात बन गए।
अंतिम दिन खैराबाद नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए 3 व सदस्य पद के लिए 7 नामांकन दाखिल किए गए। हरगांव नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 6 नामांकन और सदस्य पदों के लिए 13 प्रत्याशियों ने परचे दाखिल किए।
इसके अलावा बिसवां नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए 9 तथा सदस्य पद के लिए 28, लहरपुर नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए 2 व सदस्य पद के लिए 4 नामांकन दाखिल हुए। मिश्रिख नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए 4 नामांकन व सदस्य पद के लिए 22 नामांकन, तंबौर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 2 व सदस्य पद के लिए 13 नामांकन दाखिल किए गए।
पैंतेपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए एक व सदस्य पद के लिए 2 नामांकन, महोली नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 3 व सदस्य पद के लिए 17 नामांकन दाखिल हुए। महमूदाबाद नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए 4 नामांकन व सदस्य पद के लिए 8 और सिधौली नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए एक व सदस्य पद के लिए 9 नामांकन दाखिल किए गए हैं।