सेवता (सीतापुर)। सोनासरि मंदिर के आसपास किए गए कब्जे पर मंगलवार को प्रशासन का बुलडोजर चला। 22 दुकानों के अतिक्रमण को हटवा दिया गया।
गौरतलब है कि सेवता कस्बे में 26 मई को परिक्रमा के दौरान हुए विवाद में भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी धरने पर बैठ गए थे। उन्होंने मांग की थी कि खुरवलिया से सोनासरि देवी मंदिर की तरफ जाने वाले रास्ते के बाएं तरफ भगहर में जो अतिक्रमण हुआ है, उसको हटाया जाए। साथ ही मंदिर के चारों तरफ के कब्जे को भी हटाया जाए।
तीन दिन पहले एसडीएम व सीओ ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण करने वाले सोगों को चेतावनी दी थी। मंगलवार को तहसील प्रशासन ने बुलडोजर चलवाकर मंदिर के चारों तरफ रखे गए टिन के 22 खोखों को हटवा दिया। ग्रामीणों ने विरोध भी किया। अतिक्रमण में जिनके पक्के मकान थे, उन्हें भी तोड़ दिया गया। इस मौके पर एसओ हनुमंत तिवारी, नायब तहसीलदार सुधीर कुमार श्रीवास्तव व कानूनगो संजीव कुमार पाठक आदि मौजूद रहे।