मृतका के कमरे से बरामद हुए सुसाइड नोट से सामने आया चौंकाने वाला सच
मिश्रिख/बरमी (सीतापुर)। शोहदे की हरकतों से तंग आकर एक छात्रा ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के कमरे से सुसाइड नोट मिला है। जिसमें मृतका ने शोहदे की टीका-टिप्पिणयों की जानकारी परिवारीजनों को देने का जिक्र भी किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
कोतवाली क्षेत्र के जरमापुर गांव में रहने वाली गुड़िया (17) पुत्री खुशीराम राजेश्वरी बालिका इंटर कॉलेज मिश्रिख में हाईस्कूल की छात्रा थी। मंगलवार को उसका पेपर था। सुबह करीब चार बजे घरवाले उसे जगाने जब उसके कमरे में पहुंचे तो वहां का नजारा देख भौंचक्के रह गए। गुड़िया का शव कमरे की छत के कुंडे से रस्सी के सहारे फंदे पर लटक रहा था।
कमरे से सुसाइड नोट भी बरामद किया गया। जिसमें मृतका छात्रा ने आकाश निवासी धर्मापुर थाना मैगलगंज जिला लखीमपुर खीरी की छेड़छाड़ से आहत होकर यह आत्मघाती कदम उठाए जाने का उल्लेख किया है। आरोपी आकाश का जरमापुर में ननिहाल है। बताया जाता है कि सोमवार को गुड़िया किसी काम से मिश्रिख गई थी।
इस दौरान आरोपी रास्ते भर उसका पीछा कर गलत हरकतें करता रहा। एक मोबाइल की दुकान पर गुड़िया ने मोबाइल रिचार्ज कराया तो आरोपी ने दुकानदार से पैसा लेने से मना किया। दबी जुबान से ग्रामीण कहते सुने गए कि गुड़िया ने शोहदे की हरकतों से परिवारीजनों को अवगत कराया था। इसके बाद भी वह चुप्पी साधे रहे।
इससे आहत होकर उसने अपनी जान दे दी। कोतवाली प्रभारी ब्रजेश राय ने बताया कि समय रहते पुलिस को सूचना दी गई होती तो आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की जाती और यह नौबत नही आती। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिशें दी जा रही हैं।
विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत
खैराबाद (सीतापुर)। थाना व कस्बा के सुजावलपुर में रहने वाले बबलू की पत्नी मोहिनी (28) की सोमवार रात संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। मृतका के पति के मुताबिक मोहिनी ने कमरे की छत के कुंडे से साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या की है।
थाना प्रभारी अजय कुमार यादव ने बताया कि मृतका के पति की सूचना पर मंगलवार की सुबह पुलिस मौके पर पहुंची तो शव जमीन पर पड़ा था। किसी ने कोई आरोप नहीं लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने पर उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।