बाइक सवार दो बदमाशों ने दिया दुस्साहसिक वारदात को अंजाम
सिधौली (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में बैंक से रुपये निकालकर बीआरसी जा रही एक शिक्षिका से बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े 52 हजार की नकदी लूट ली और फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात से इलाके में हड़कम्प मच गया। शिक्षिका ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
ब्लॉक सिधौली क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय जुधौरा में ज्योत्सना श्रीवास्तव सहायक अध्यापिका है। मंगलवार को विद्यालय के रखरखाव के लिए सिधौली के यूनियन बैंक से 30 हजार और इलाहाबाद बैंक से 22 हजार रुपये निकालकर बैग में रखे और ऑटो पर सवार होकर बीआरसी बाड़ी के लिए रवाना हुई।
सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर अलादादपुर गांव के मोड़ पर बाइक सवार दो बदमाशों ने ऑटो के साइड में बाइक लगाई, इसके बाद पीछे बैठे बदमाश ने शिक्षिका से रुपयों का बैग छीन लिया और भाग निकले। शिक्षिका के शोर मचाने पर माजरा समझ आते ही हड़कम्प मच गया। शिक्षिका के मुताबिक बैग में एक मोबाइल, बैंक पासबुक, चेकबुक व अन्य दस्तावेज भी थे।
शिक्षिका को यह बदमाश बैंक में भी नजर आए थे। इसके चलते बैंक के सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों की फुटेज होने की पूरी संभावना शिक्षिका ने जताई है। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करते हुए बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।