हालत बिगड़ने पर सीएचसी में कराया गया भर्ती
सिधौली (सीतापुर)। संदना थाना इलाके में सास से कहासुनी के बाद क्षुब्ध होकर बहू ने मिट्टी का तेल पीने के साथ उसे अपने ऊपर उड़ेलकर आग लगाने का प्रयास किया। घरवालों की नजर पड़ने से उन्होंने रोका लेकिन केरोसिन पीने से उसकी हालत बिगड़ गई। परिवारीजनों द्वारा उसे सीएचसी सिधौली में भर्ती कराया गया है।
थानाक्षेत्र संदना के बैसनपुरवा गांव में रहने वाली मंजू (30) पत्नी हरिओम का बुधवार सुबह अपनी सास से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इससे क्षुब्ध मंजू ने पहले घर में रखा केरोसिन पी लिया फिर खुद पर उसे उड़ेलकर आग लगाने का प्रयास करने लगी।
इसी बीच उसके बड़े लड़के रामलखन ने देख लिया और शोर मचाने लगा। शोर सुनकर पहुंचे घर के अन्य सदस्यों ने किसी तरह मंजू को आग लगाने से तो रोक लिया। मगर केरोसिन पीने से उसकी हालत बिगड़ गई। घरवालों ने उसे सीएचसी सिधौली में भर्ती कराया। सीएचसी में उसका इलाज किया जा रहा है।