नतीजों का ऐलान होते ही विजयी उम्मीदवारों व उनके समर्थकों के खिल उठे चेहरे
सीतापुर। पंचायत उपचुनाव की मतगणना के बाद मंगलवार को परिणाम घोषित होते ही विजेताओं व उनके समर्थकों के चेहरे खिल उठे। समर्थकों ने विजयी उम्मीदवारों को फूलमालाओं से लाद दिया। फिजा में खूब अबीर-गुलाल उड़ाया गया। सबसे दिलचस्प मुकाबला गोंदलामऊ की बरोय सीट पर हुआ।
यहां प्रधान पद के प्रत्याशी राजाराम ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी माया देवी को महज एक वोट से पराजित कर बाजी मार ली। इसके अलावा ऐलिया की कालिका बक्स भवानीपुर में अर्पिता पांडेय व महमूदाबाद की मदारीपुर में कीढ़ीलाल चुनाव जीतकर प्रधान निर्वाचित हुए हैं। मिश्रिख की निरहन सीट से उमेश ने क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव जीत लिया है।
जिले में तीन प्रधान तथा एक बीडीसी सदस्य पद के लिए हुए पंचायत उपचुनाव के नतीजों का ऐलान मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच संबंधित विकासखंडों पर कर दिया गया। संदना प्रतिनिधि के अनुसार, ब्लॉक गोंदलामऊ की ग्राम पंचायत बरोय में राजाराम और मायादेवी के मध्य बेहद करीबी व दिलचस्प मुकाबला रहा।
जिसमें राजाराम ने 369 मत जबकि मायादेवी ने 368 मत हासिल किए। इस तरह राजाराम ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी मायादेवी को महज एक वोट से हराकर प्रधानी की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया। राजाराम के विजयी होने की घोषणा होते ही इनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
इमलिया सुल्तानपुर प्रतिनिधि के अनुसार, ऐलिया ब्लॉक की ग्राम सभा कालिकाबक्स भवानीपुर की ग्राम प्रधान तोषवती पांडेय का बीमारी के चलते निधन हो गया था। जिसके चलते यह पद रिक्त हो गया था। इस रिक्त पद पर तोषवती के पति रामनरेश पांडेय ने अपनी पुत्री अर्पिता पांडेय को चुनाव लड़ाया था। अर्पिता ने अपनी प्रतिद्वंद्वी अल्पना सिंह को 79 वोटों से हराया।
महमूदाबाद प्रतिनिधि के अनुसार, ब्लॉक महमूदाबाद की ग्राम पंचायत मदारीपुर में रिक्त प्रधान पद पर हुए चुनाव में कीढ़ीलाल के सिर जीत का सेहरा बंधा। ब्लाक मुख्यालय पर सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई मतगणना के बाद चुनाव अधिकारी डा. आरसी चौधरी व एआरओ हौसला बक्श सिंह ने नवनिर्वाचित प्रधान को जीत का प्रमाण पत्र दिया।
इससे पहले सुबह आठ बजे से ब्लॉक मुख्यालय पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू हुई। संपन्न हुई मतगणना में कीढ़ी ने सर्वाधिक 345 मत हासिल कर निकटतम प्रतिद्वंद्वी लवकुश को 159 मतों के अंतर से हराकर प्रधानी की सीट पर कब्जा जमाया। इनके प्रतिद्वंद्वी लवकुश को 186 मत, संदीप को 176 मत, शिवानंद को 120 और दुर्जन को 39 मत प्राप्त हुए।
मतगणना में 14 मतपत्र अवैध पाए गए। वहीं, मिश्रिख की निरहन वार्ड संख्या 45 पर बीडीसी सदस्य का चुनाव उमेश ने जीत लिया। उमेश को 354 वोट मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अवधेश को 285 मतों से संतोष करना पड़ा। नतीजों का ऐलान होते ही विजयी उम्मीदवारों के खेमे जश्न में डूब गए। सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन व पुलिस अफसर मतगणना स्थलों पर मुस्तैद रहे।
21 साल की उम्र में प्रधान बनीं अर्पिता
विकासखंड ऐलिया की कालिका बक्स भवानीपुर में जीत दर्ज करने वाली अर्पिता पांडेय सबसे कम उम्र की प्रधान बनी हैं। अर्पिता की उम्र 21 वर्ष 3 माह है। इससे पहले अर्पिता की मां प्रधान थीं। अर्पिता के पिता रामनरेश पांडेय के घर आठवीं बार प्रधानी आई है। अर्पिता ने बीएससी किया है और वर्तमान में सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रही हैं।
बुनियादी सुविधाओं पर रहेगा फोकस
ग्राम पंचायत का सर्वांगीण विकास कराना मेरी प्राथमिकता है। मेरा फोकस बुनियादी सुविधाओं पर रहेगा। गांव में सड़क, पेयजल, नाली, बिजली की व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर दिया जाएगा। कोशिश रहेगी कि ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार मिल सके।
-राजाराम, नवनिर्वाचित प्रधान बरोय
मम्मी के अधूरे काम पूरे कराना प्राथमिकता
मेरी मम्मी स्व. तोषवती प्रधान थीं। उनके निधन से जो काम अधूरे रह गए थे, उन्हें पूरा कराना मेरी प्राथमिकता है। इसके अलावा सभी जरूरी कार्य अफसरों व जनप्रतिनिधियों से सामंजस्य बनाकर कराए जाएंगे। ग्राम पंचायत का चहुमुंखी विकास ही लक्ष्य रहेगा।
-अर्पिता पांडेय, नवनिर्वाचित प्रधान कालिकाबक्स भवानीपुर
बिना भेदभाव के कराएंगे विकास
हमारे गांव से पिछले करीब 50 वर्षों से कोई प्रधान नहीं बना। ग्राम पंचायत के अब तक के प्रधानों ने मदारीपुर के साथ सौतेला व्यवहार किया। जिससे यहां हर तरफ बदहाली है। मैं पूरी ग्राम पंचायत में बिना किसी भेदभाव के विकास कराऊंगा। नाली, सड़क, पेयजल, सौर ऊर्जा, स्कूल में मिट्टी पटाई कार्य प्राथमिकता में हैं।
-कीढ़ीलाल, नवनिर्वाचित प्रधान मदारीपुर