सीतापुर। परिषदीय विद्यालय के रिटायर्ड शिक्षकों को जल्द पेंशन मिलेगी। वित्त एवं लेखा विभाग ने इन शिक्षकों की जिले स्तर पर औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए शासन को फाइल भेज दी है। इससे जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इस बरस सेवानिवृत्त हुए 162 शिक्षकों को जीपीएफ का भुगतान कर दिया है। अन्य शिक्षकों की पत्रावली ट्रेजरी भेज दी गई है। उम्मीद तीन दिन के अंदर इनको भी जीपीएफ का भुगतान प्राप्त हो जाएगा।
बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत 167 शिक्षक 31 मार्च को सेवानिवृत्त हो गए थे। सेवानिवृत्त के बाद यह बकाया देयक की मांग कर रहे थे। लेकिन बीईओ समय से इनकी फाइलें वित्त एवं लेखा विभाग नहीं भेज रहे थे। इसी वजह से देरी हो रही थी। मार्च के बाद आई फाइलों पर वित्त एवं लेखा विभाग ने काफी तेजी दिखाई। तीन माह के अंदर 162 शिक्षकों को जीपीएफ का भुगतान कर दिया है।
पांच शिक्षकों की फाइल ट्रेजरी भेज दी गई है। इससे उम्मीद है तीन दिन के अंदर इनको भी पूरा भुगतान मिल जाएगा। वही रिटायरमेंट के बाद सबसे अधिक जरुरत पेंशन की होती है। लेकिन पेंशन की मंजूरी शासन स्तर से होती है। जीपीएफ भुगतान के बाद वित्त एवं लेखा विभाग ने 164 शिक्षकों की फाइल कंप्लीट करके शासन को भेज दी है। वहां से पेंशन की मंजूरी मिलते ही जिले स्तर से शिक्षकों को लाभ दिलाया जाएगा।
वित्त एवं लेखाधिकारी सत्येंद्र पाल का कहना है जिस बरस शिक्षक रिटायर होता है। उसके छह माह पहले बीईओ को पीएफ की फाइल लेखा कार्यालय भेजनी होती है। इसको लेकर कई बार निर्देश भी दिए गए। लेकिन बीईओ ने समय से फाइलें नहीं भेजी। मार्च से मई के बीच फाइलें आई। जबकि इनको अक्तूबर तक आ जानी चाहिए। वरन् शिक्षकों को मार्च माह में ही पूरा भुगतान कर दिया जाता है। फिर भी अप्रैल के बाद आई फाइलों को जल्द निपटा दिया गया है।
162 शिक्षकों को जीपीएफ का पूरा भुगतान कर दिया गया है। 164 शिक्षकों की फाइल पेंशन के लिए शासन को भेज दी गई है। जल्द ही सभी शिक्षकों कों पेंशन मिलनी शुरु हो जाएगी। किसी भी शिक्षक को परेशान होने की जरुरत नहीं है।
सत्येंद्र पाल, वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक