सीएचसी महमूदाबाद में डॉक्टरों का अभाव
लोगों को इलाज करवाने में हो रही परेशानी
महमूदाबाद (सीतापुर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद में डॉक्टरों का टोटा है। यहां पर फिजीशियन, चाइल्ड स्पेशलिस्ट, महिला सर्जन आदि महत्वपूर्ण डॉक्टरों के पद खाली हैं। ये पद रिक्त होने से क्षेत्र के लोगों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है। 36 शैय्याओं के महमूदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विभिन्न रोग विशेषज्ञों के पद सृजित हैं। बावजूद इसके यहां पर फिजीशियन, चाइल्ड स्पेशलिस्ट, महिला सर्जन, निस्चेतक, आंख रोग विशेषज्ञ, ईसीजी टेक्नीशियन, तीन स्टाफ नर्स तथा वाहन चालक तथा धोबी के पद कई साल से खाली पड़े हैं। इसके बाद भी इन पदों पर तैनाती नहीं हो सकी है। जबकि नगर व तहसील का अस्पताल होने के कारण क्षेत्र भर से सैकड़ों संख्या में मरीज इलाज कराने की लालसा से आते हैं। पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती न होने से स्थानीय समेत दूरदराज इलाकों से लोग मायूस होकर लौटने को विवश हैं। महिला सर्जन न होने के कारण महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। मजबूरन महिलाएं प्राइवेट डॉक्टरों के यहां चक्कर लगाने को विवश हैं। या फिर उन्हें अस्पताल से सीधे लखनऊ रेफर कर दिया जाता है। जिला पंचायत सदस्य ओमकार, ब्लॉक प्रमुख मुकेश वर्मा, प्रेमसागर मौर्य, कुंवर रस्तोगी सहित अन्य ने खाली पदों पर चिकित्सकों व कर्मचारियों के तैनाती की मांग की है।