जलनिकासी के लिए नगर में बनेगा नाला
सिधौली(सीतापुर)। नगर में हाईवे के किनारे बसे लोगों में घरों में बारिश के दौरान पानी घुसने की समस्या को लेकर नगर पंचायत ने नाला निर्माण होगा। यह निर्माण जिला योजना में होगा।
नगर पंचायत के चेयरमैन गंगाराम राजपूत ने बताया कि नगर के महमूदाबाद चौराहे से लेकर बिसवां चौराहे तक बारिश के महीने में हाईवे से सटे घरों में बारिश का पानी भर जाता है, जिससे लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। नगरवासियों की इस समस्या को दूर करने के लिए जलनिकासी को लेकर हाईवे के किनारे नाला बनाने लिए जिला योजना को नगर पंचायत की तरफ से प्रस्ताव भेजा गया। चेयरमैन ने बताया इस प्रस्ताव के पास होने के बाद नगरवासियों को इस समस्या से निजात मिल जाएगी।
..........................
रास्ता बंद करने की शिकायत
लहरपुर (सीतापुर)। क्षेत्र के ग्राम बेहड़पुरवा के ग्रामीणों ने रास्ते को लेकर उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया। इसके जरिए मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के रमेश चंद्र ने गांव के सार्वजनिक रास्ते पर अपनी नीव भर ली है। जिसके कारण ग्रामीणों के निकलने का रास्ता बंद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण शिवचरण लाल, उत्तम कुमार, रामसिंह, देवेंद्र कुमार, भगवानदीन, खेमकरण, ओमप्रकाश आदि ने उपजिलाधिकारी को सार्वजनिक रास्ते से अतिक्रमण हटाने की मांग की है।