सीतापुर। उच्चीकृत किए गए 12 कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में रिक्त पदों का कट ऑफ जारी कर दिया गया है। 21 नवंबर को बीएसए कार्यालय में काउंसिलिंग के जरिये विद्यालय आवंटन विकल्प पत्र भरवाएं जाएंगे। इसकी कवायद तेज कर दी गई है।
जिले में 12 केजीबीवी उच्चीकृत किए गए हैं। अब यहां पर 12वीं तक की पढ़ाई शुरू हो गई है। कक्षा आठ पास करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए बालिकाओं को दूर जाना पड़ता था। अब यह समस्या दूर हो गई है।
छात्राएं कक्षा छह से 12वीं तक एक ही विद्यालय में पढ़ाई कर सकेंगी। इसके लिए रिक्त पदों पर आवेदन मांगे गए थे। इनमें प्रधानाचार्य, हिंदी, अंग्रेजी, गणित, जीवविज्ञान, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान, लैब असिस्टेंट, कार्यालय अधीक्षक, चपरासी, चौकीदार व रसोइया के पद शामिल थे। आरक्षणवार कट ऑफ जारी कर दिया गया है। बीएसए कार्यालय पर इन सभी से विद्यालय आवंटन के विकल्प पत्र 21 नवंबर को भरवाएं जाएंगे। यहां पर यूपी बोर्ड से पढ़ाई करवाई जाएगी।