इमलिया सुल्तानपुर (सीतापुर)। रामकोट इलाके में कचनार कस्बे के पास सोमवार दोपहर वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सीतापुर-गोला मार्ग पर जाम लगा दिया।
वहां प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की मगर वे नहीं माने। बाद में पुलिस ने हलका बल प्रयोग कर उन्हें वहां से खदेड़ा, तब कहीं जाकर यातायात व्यवस्था बहाल हो पाई।
ऐसे में करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा। रामकोट इलाके के कचनार गांव निवासी घूरे उर्फ रिजवान (32) सोमवार को कचनार के पड़ोस स्थित पेट्रोल पंप पर गया था। वहां से वापस घर जा रहा था।
तभी कचनार के पास ही एक अज्ञात वाहन उसकी बाइक में टक्कर मार दी और वहां से निकल गया। हादसे के बाद जब तक लोग वाहन को पकड़ पाते, तब तक चालक वाहन समेत भाग निकला। इस हादसे में रिजवान की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की खबर पाकर भारी संख्या में ग्रामीण व मृतक के परिवारीजन एकत्र हो गए। लोगों ने सड़क जाम कर दी। सूचना पर पुलिस ने पहले जाम खुलवाने की कोशिश की तो लोग मान गए, लेकिन कुछ देर बाद फिर से चालक व वाहन को पकड़ने की मांग को लेकर सड़क पर आ गए।
फिर से लोगों ने आवागमन बंद कर दिया। इस पर पुलिस ने हलका बल प्रयोग करते हुए लोगों को खदेड़ा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।